हरियाणा रोडवेज की बस में महिला के साथ मारपीट
नोटबंदी में रोडवेज बस के बीच राज्य महिला खिलाड़ी के साथ कंडक्टर ने ऐसा कुछ किया, शिकायत अधिकारियों तक पहुंच गई है। घटना, हिसार में हुई। खुल्ले नोटों को लेकर कंडक्टर द्वारा एक राज्य स्तर की महिला खिलाड़ी के साथ गाली-गलौज करने और चलती बस में पीटने का मामला सामने आया है।
पीड़ित महिला यात्री द्वारा इस बारे में हिसार रोडवेज अधिकारियों को बस ड्राइवर, कंडक्टर के खिलाफ दुर्व्यवहार और पीटने की शिकायत दी है। इस पर रोडवेज अधिकारियों द्वारा आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का आश्वासन दिया गया है। अनीता शर्मा लेक्चरर के पद पर कार्यरत हैं, साथ ही ताईक्वांडो में लड़कियों को प्रशिक्षण भी देती हैं।
महिला पर हाथ उठाना निंदनीय अपराध
रोडवेज टीएम जितेंद्र यादव ने बताया कि युवती के साथ कंडक्टर और उसके साथी द्वारा मारपीट की शिकायत मिली है। यह परिचालक और चालक सिरसा डिपो के हैं। इस मामले के बारे में सिरसा डिपो के जीएम को अवगत करवा दिया गया है। महिलाओं के साथ बच्चों, बुजुर्गों के साथ भी इस तरह का व्यवहार बड़ा निंदनीय अपराध है।
खुल्ले नोटों की समस्या को लेकर बहस
हरियाणा रोडवेज की बस में महिला के साथ मारपीट
मारपीट की शिकार हुई राज्य स्तर की ताईक्वांडो खिलाड़ी अनीता शर्मा ने बताया कि वह फतेहाबाद से हिसार के लिए अपनी मां और पिता के साथ रोडवेज बस में सवार हुई थीं। उसने कंडक्टर को एक हजार का नोट दिया और तीन टिकट देने के लिए कहा।
इस पर कंडक्टर ने मना कर दिया। इस बात पर अनीता ने कहा कि सरकारी विभागों, बस, ट्रेन में 24 नवंबर तक ये नोट मान्य हैं। यह सुनते ही कंडक्टर बिफर गया और दुर्व्यवहार करते हुए कहा कि तू हाम नै कानून सिखावैगी।
इस पर अनीता जब शिकायत करने के लिए बस का नंबर देखने केबिन के पास जाने लगी, तो कंडक्टर ने उसे पीछे खींचते हुए गाली-गलौज किया और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।
मारपीट में कंडक्टर के साथी ने भी कंडक्टर का साथ दिया। अनीता के पिता और अन्य यात्रियों ने बीच-बचाव कर अनीता को कंडक्टर और उसके साथी के चंगुल से छुड़ाया।