सुखना पर सैर करने आई महिला से लूटी चेन
- फोटो : demo pics
सुखना पर सैर करने आई कैंबवाला निवासी महिला की सोने की चेन बाइक सवार दो युवक स्नैच कर ले गए। वारदात सोमवार शाम को हुई जब सुखना पर अच्छी खासी संख्या में लोगों की भीड़ थी। महिला के शोर मचाने पर लोगों को वारदात का पता चला।
सुखना पुलिस चौकी इंचार्ज टीम के साथ मौके पर पहुंचे और वारदात की जानकारी लेने के बाद एरिया में नाकाबंदी कर स्नैचरों को पकड़ने का प्रयास किया। लेकिन, कोई सफलता नहीं मिल सकी। फिलहाल पुलिस ने शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है। जानकारी के अनुसार कृष्णा देवी (45) सुखना पर परिवार के सदस्यों के साथ सैर करने आई थी।
शाम 7 बजे जैसे ही वह घर की ओर जाने लगी और बाहर मेन रोड पर आईं तो उसी समय बाइक सवार दो युवक पीछे से आए और उनकी सोने की चेन स्नैच कर ले गए। अचानक हुई इस घटना से वह हकबका गईं। इसके बाद उन्होंने शोर मचाया तो आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।
इसी दौरान सुखना पुलिस चौकी इंचार्ज टीम के साथ वहां पहुंच गए। उन्होंने मामले की जानकारी ली और पुलिस कंट्रोल रूम पर बाइक सवारों की जानकारी दी। हालांकि, पुलिस बाइक सवार स्नैचरों को पकड़ नहीं सकी। फिलहाल पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया है।