पंजाब यूनिवर्सिटी (पीयू) के बोटेनिकल गार्डन में मंगलवार सुबह इंसान की खोपड़ी मिलने से सैर करने वालों में हड़कंप मच गया। पुलिस ने इस खोपड़ी को पीजीआई में जांच के लिए भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, पीयू के बोटेनिकल गार्डन में सुबह करीब साढ़े आठ बजे लोग सैर करने निकले थे। इसी दौरान पास में ही एक इंसान की खोपड़ी दिखाई दी। लोगों ने पुलिस कंट्रोल रूम में सूचना दी।
इसके बाद सेक्टर-11 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कब्जे में लिया। खोपड़ी पर टांकों के कई निशान थे। पुलिस को आशंका है कि इस खोपड़ी का पोस्टमार्टम हो चुका है। बहरहाल, पीजीआई में खोपड़ी की जांच के बाद ही पता चल सकेगा कि यह कितनी पुरानी है।