सेक्टर-71 में पीजी में रहने वाली छह युवतियां शनिवार-रविवार रात कार बुक कर चंडीगढ़ ले गईं।
जब वे खाना खाकर वापस आने के लिए निकली, तो कार ड्राइवर ने शराब पी रखी थी। युवतियों के कार में बैठने के बाद ड्राइवर ने गाड़ी तेज चलानी शुरू कर दी।
इस दौरान रास्ते में कई जगह कार टकराने से बची। आखिर में कुंभड़ा लाइट प्वाइंट पर ड्राइवर ने लाल बत्ती होने के बावजूद कार सेक्टर-71 की तरफ मोड़ दी। इससे कार दूसरी तरफ से आ रहे ट्राले से टकरा गई।
हादसे के बाद कार चालक मौके से भाग गया। युवतियों को मामूली चोट आई है। पुलिस ने कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
मटौर पुलिस को दी शिकायत में सीमा रानी ने बताया वह और उसके साथ पांच अन्य युवतियां पढ़ाई कर रही हैं। वह सभी सेक्टर-71 में पीजी में रहती हैं।
उन्होंने मिलकर एक इनोवा कार बुक करवाई। इससे वह सभी सेक्टर-17 घूमने के लिए गई थीं। वहां से खाना खाकर वापस निकले तो ड्राइवर ने शराब पी रखी थी।
उसके कार तेज चलाने पर उन्होंने कई बार उसे धीमे करने को कहा, लेकिन उसने उनकी एक नहीं सुनी। आखिर में कार कुंभड़ा लाइट प्वाइंट पर एक ट्राले से टकरा गई।
इसके बाद ड्राइवर वहां से भागने में कामयाब रहा। थाना मटौर पुलिस ने चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।