पंजाब में विभिन्न जगहों पर नवविवाहिता समेत 6 लोगों के नहर में डूबने की खबर है। 3 शव बरामद कर दिए गए हैं। अबोहर के गांव गुमजाल और फाजिल्का के ख्योवाली ढाब, मुठियांवाली से शव बरामद हुए हैं।
संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुए गोशाला रोड स्थित एक चिकन सेंटर के संचालक सुरजीत सिंह शेरी पुत्र दतार सिंह निवासी धर्मनगरी का शव रविवार को गांव गुमजाल की टेलों से बरामद हुआ। सुरजीत सिंह गत दिवस अचानक लापता हो गए। परिजनों ने तलाश करने पर उसकी मोपेड, कपड़े व कुछ अन्य सामान हनुमानगढ़ रोड से गुजरती नहर के किनारे से बरामद हुए। रविवार को उसका शव टेलों से बरामद हुआ। सूचना मिलते ही मृतक के परिजनों ने अस्पताल में पहुंच कर उसकी पहचान की।
वहीं फाजिल्का के गांव ख्योवाली ढाब व मुठियांवाली में नहर में डूबने से दो व्यक्तियों की मौत हो गई। गांव ख्योवाली ढाब निवासी इंद्राज ने बताया कि उसका भाई इंद्र सेन काफी समय से दिमागी रूप से परेशान था। वह 15 अप्रैल से घर से लापता था। रविवार को सूचना मिली कि उसके भाई का शव रूपनगर नहर में बकैनवाला पुल के पास पानी में उतराया हुआ मिला। गांव मुठियावाली निवासी गुरमीत कौर ने बताया कि उनके पति गुरदीप सिंह शनिवार रात लगभग आठ बजे खेत गए थे। इसके बाद वह लापता हो गए। रविवार को उनका शव नहर से बरामद हुआ। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है।
चंडीगढ़ के दो छात्र नहर में बहे
मोरिंडा (रोपड़)। चंडीगढ़ के रहने वाले दो छात्र गांव डूमछेड़ी से गुजरी सरहिंद नहर में डूब गए। दोनो अपने साथियों समेत शनिवार को नहर में नहाने के लिए आए थे।
नहर में लापता हुए युवकों का पहचान रोबिन पुत्र राजकुमार और गौरव पुत्र रमेश निवासी आईटीबीपी बहलाना चंडीगढ़ के रूप में हुई है। दोनो की उम्र 16 वर्ष है और दोनो बारहवीं कक्षा में पढ़ते हैं। गौरव के पिता रमेश आईटीबीपी में और रोबिन के पिता राजकुमार सीआरपीएफ में कार्यरत हैं। एसएचओ मोरिंडा रविंदपाल सिंह ने बताया कि छह छात्र ट्यूशन के बाद गांव डूमछेड़ी में नहर में नहाने के लिए आए थे। इनमें से दो नहर में डूब गए। डूबे छात्रों की गोताखोरों से तलाश कराई जा रही है। अभी तक उनका कोई पता नहीं चल सका है।
नव विवाहिता नहर में डूबी
नंगल (रोपड़)। डेराबस्सी की रहने वाली नव विवाहिता नंगल हाइडल नहर में गिरने से पानी के बहाव में बह गई। नंगल पुलिस ने मामले में कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार डेराबसी निवासी राहुल अपने परिवार सहित माता चिंतपूर्णी से माथा टेक कर वापस घर जा रहे थे। कुष्ट आश्रम नंगल के नजदीक बहती नंगल हाइडल नहर में फूल और ओर सामग्री बहाने के लिए रुके। नहर में फूल और अन्य सामग्री बहाने के लिए राहुल और उसकी पत्नी गार्गी (26) उतरे थे। इस दौरान गार्गी का पैर फिसल गया और वह नहर में गिर गई। इस पर राहुल का भाई अंकित ने नहर में छलांग लगा कर अपनी भाभी गार्गी को बचाने की कोशिश की। वह अपने प्रयास में नाकाम रहा। वहीं बहाव तेज होने से अंकित भी डूबने लगा। इस पर राहगीरों ने उसे बचाया। राहुल और गार्गी का विवाह मात्र डेढ़ महीना पहले ही हुआ था।