यूटी पुलिस के डीएसपी पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगा है। विभाग की महिला कर्मचारी ने यौन उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए आईजी के पास शिकायत दी है। विभाग ने महिला की शिकायत की जांच का जिम्मा सेक्सुअल ह्रासमेंट कमेटी को सौंप दी है।
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक होम गार्ड में तैनात एक महिला कर्मचारी ने मंगलवार को आईजी तेजिंदर सिंह लूथरा से मिलकर शिकायत दी कि होम गार्ड के डीएसपी दविंदर शर्मा ने अपने कमरे में बुलाकर यौन उत्पीड़न किया। आईजी ने उसकी शिकायत पर आगे की जांच करने के लिए विभाग की सेक्सुअल ह्रासमेंट कमेटी को भेजदी है।
साथ ही विभाग ने डीएसपी दविंदर शर्मा को 15 दिन की छुट्टी पर भेज दिया है। करीब तीन महीने पहले ही दविंदर शर्मा को इंस्पेक्टर से डीएसपी प्रमोट किया गया था। जिसके बाद उनको डीएसपी होमगार्ड का चार्ज दिया गया था। वहीं इस मामले में आला अधिकारियों और डीएसपी को उनका पक्ष जानने के लिए कई बार फोन किया गया परंतु किसी ने फोन नहीं उठाया।