पंचकूला में देह व्यापार के गोरख धंधे का पर्दाफाश करते हुए सीआईए टीम ने दो युवतियों समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान गांव संगोल जिला फतेहगढ़ के ललित उर्फ राजू, सीमा, गांव रौली जिला मोगा के मजिन्द, और शिवजोत सोसाइटी खरड़ की अमन के रूप में हुई। सीआईए ने रविवार को चारों को जिला अदालत में ड्यूटी मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया। जहां से ललित उर्फ राजू को दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा दिया गया। जबकि अन्य तीनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। हालांकि इस मामले में मुख्य दलाल हरि निवासी अमृतसर अभी सीआईए की गिरफ्त से बाहर है।
मामले की जानकारी देते हुए सीआईए के इंजार्च नरिंद्र कादियान ने बताया कि सीआईए को गुप्त सूचना मिली थी कि सेक्टर-25 के सामुदायिक केंद्र के पास अमृतसर निवासी हरि वेश्यावृति का धंधा करता है। उसके बाद सीआईए की टीम ने फर्जी ग्राहक बनकर ललित के फोन पर संपर्क किया। उनका सौदा 6 हजार में तय हुआ। जिसके बाद ललित ने फर्जी ग्राहक बन पुलिसकर्मी को सेक्टर-25 के सामुदायिक केंद्र के पास आने को कहा। जहां पर ललित और मजिंद्र दोनों युवतियों को लेकर कार में आए।
इसके बाद ललित ने फर्जी ग्राहक से दोनों युवतियों की मुलाकात करवाई और 6 हजार रुपये अपनी जेब में डाल लिया। जैसे ही ललित ने रुपये को अपनी जेब में डाला तो पीछे से ट्रेप लगाई बैठी सीआईए की टीम ने छापा मारकर मौके से चारों को 6 हजार रुपये नगद के साथ गिरफ्तार कर लिया।