नशे में धुत्त युवक और युवतियों ने नया गांव रोड पर जमकर बवाल काटा। युवकों ने पहले एक कार को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके बाद कार मालिक को जमकर पीटा। कार मालिक का कसूर इतना था कि उसने युवकों से टक्कर मारने का कारण पूछा था। इसी बात पर युवक भड़क गए।
नया गांव की तरफ से धर्मेंद्र सिंह निशान सनी कार में आ रहे थे। एक फॉरच्यूनर गाड़ी ने उन्हें टक्कर मारकर भागने की कोशिश की। धर्मेंद्र ने कार का पीछा कर युवकों को रोक लिया और टक्कर मारने का कारण पूछा।
इस पर कार सवार युवक भड़क गए और उन्होंने पत्थर मारकर कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दी। धर्मेंद्र ने जब इसका विरोध किया तो नशे में धुत्त फॉरच्यूनर सवार युवकों ने धर्मेंद्र को भी पीटा।
लड़कों और लड़कियों के ब्लड सैंपल लिए गए
वहां से गुजर रहे किसी व्यक्ति ने घटना की जानकारी पुलिस कंट्रोल रूम को दी। पुलिस को आती देख आरोपी युवक और युवती ने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने पकड़ लिया।
आरोपी युवकों की पहचान मर्चेंट नेवी के त्रिमिन भुल्लर निवासी मोहाली फेस-10, इंजीनियरिंग के पास आउट अभिषेक निवासी सेक्टर-10 के रूप में हुई है। इनके साथ कार में नर्सिंग की छात्रा जीरकपुर निवासी दो लड़कियां भी थीं। पुलिस ने धर्मेंद्र की शिकायत पर केस दर्ज कर सभी का सेक्टर-16 स्थित अस्पताल में मेडिकल करवाया है।
सेक्टर-11 पुलिस थाना प्रभारी का कहना है कि लड़कों और लड़कियों के ब्लड सैंपल भी लिए गए हैं, जिन्हें भी टेस्ट के लिए भेजा रहा है। ब्लड में यदि ड्रग जैसा नशा मिलता है तो आगे की कार्रवाई की जाएगी। हालांकि अभी आईपीसी की धारा 279/160/427 के तहत केस दर्ज किया गया है।
वीडियो देखने के लिए क्लिक करें-