समझौता ब्लास्ट के अहम गवाह शेख कलीम ने अपनी जान को खतरा बताया है। उन्होंने कहा कि उन्हें लगातार जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं।
वह शुक्रवार को अपने दोस्त जसप्रीत सिंह के साथ हैदराबाद से हरियाणा के पंचकूला के एनआईए कोर्ट में स्वामी असीमानंद के खिलाफ गवाही देने पहुंचे थे। शेख कलीम ने बताया कि उन्हें जयपुर अदालत में भी पेशी के दौरान एक वकील ने धमकी दी थी।
शुक्रवार को एनआईए कोर्ट में आरोपी स्वामी असीमानंद और गवाह शेख कलीम न्यायाधीश रवि कुमार सौंधी के समक्ष पेश हुए। शेख कलीम ने गवाही के दौरान अपने बयान पर कायम रहने की बात कही। इस मामले में अभी तक 153 पेशियां हो चुकी हैं।
शुक्रवार को एनआईए के वकील आरके हांड़ा के अलावा असीमानंद की ओर से एडवोकेट सुभाष चंद्र शर्मा रतगल, मुकेश गर्ग, मनवीर राठी, रणवीर खरकाली और अन्य कई वकील पेश हुए।
कोर्ट ने सुनवाई की अगली तारीख 20 नवंबर तय की है। इस पेशी पर असीमानंद के अलावा चार अन्य गवाह पेश होंगे। गौरतलब है कि शेख कलीम की पिछली पेशी जयपुर राजस्थान में 3 नवंबर हुई थी।