दुस्साहसी लुटेरे एटीएम लूट के 10 दिन बाद ही 9 लाख रुपये से भ्ारा स्टेट बैंक का एटीएम उखाड़कर ले गए। मामला पंजाब के जालंधर का है। सदर के अंतर्गत पड़ते जंडियाला मंजकी में एक बार फिर लुटेरे एटीएम उखाड़ ले गए।
10 दिन पहले ही लुटेरों ने इसी इलाके में पीएनबी के एटीएम को लूटा था, जिसमें 4.46 लाख रुपये थे। अब सोमवार रात को स्टेट बैंक का एटीएम उखाड़कर ले गए, जिसमें नौ लाख रुपये थे। भारतीय स्टेट बैंक के जंडियाला मंजकी स्थित एटीएम बूथ के अंदर सीसीटीवी कैमरा तक नहीं था। इसके चलते पुलिस को सुराग तक नहीं मिला है।
बाद में एटीएम नकोदर के निकट शंकर गांव में टूटी हालात में खेतों में पड़ा मिला। नौ लाख रुपये से भरा कैश बॉक्स गायब था। सदर थाना पुलिस को इस घटना के बारे में मंगलवार सुबह सूचना मिली, जिसके बाद मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट से लेकर डॉग स्क्वाएड भी बुलाए गए लेकिन लुटेरों का कोई सुराग नहीं मिला।
दोआबा के एटीएम पिछले कई दिनों से लुटेरों के निशाने पर है और इस गैंग में एक लड़की भी शामिल है। 26 सितंबर को सदर थाना इलाके से जो एटीएम उखाड़ा गया था, वहां की सीसीटीवी फुटेज में एक लड़की समेत तीन लुटेरों की तस्वीर कैद हुई थी।
इसके बाद भी पुलिस की तरफ से सख्ती नहीं की गई। सोमवार रात को लुटेरों ने स्टेट बैंक का एटीएम उखाड़ लिया। एटीएम बूथ में कोई सिक्योरिटी गार्ड या कैमरा नहीं था।
सुबह लोगों ने एटीएम बूथ खुला और मशीन गायब देखी तो शोर मचा दिया। इसके बाद सदर थाना की पुलिस के अलावा अन्य टीमें घटनास्थल पर पहुंची।