हरियाणा के पानीपत में आज दो बाइक सवार युवक किराना व्यापारी के हाथ से लाखों रुपये भरा बैग छीनकर फरार हो गए। वारदात करतारा कॉलोनी में अंजाम दी गई। झपटमारी की खबर मिलते ही मॉडल थाना एसएचओ सुशील मौके पर पहुंचे और मामला दर्ज किया।
पुलिस आसपास लोगों ने पूछताछ करके लुटेरों का पता लगाने में जुटी है। मिली जानकारी के अनुसार, किराना व्यापारी मंजीत पुरी अपने घर से दो लाख 75 हजार रुपये से भरा बैग लेकर दुकान के लिए निकला। इसकी दुकान वीएम प्लाजा में है।
जैसे ही वह घर से बाहर निकला, दो बाइक सवार युवक आए और उसके हाथ से बैग छीनकर फरार हो गए। मंजीत ने काफी दूर तक उनका पीछा भी किया, लेकिन वे ओझल हो गए। मंजीत ने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी। एयएचओ सुशील घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की छानबीन की।