चोरों के हौंसले इतने बुलंद हो गए है कि उन्होंने अब भगवान के घर को भी नहीं बख्शा। पंचकूला से अभी-अभी एक बड़ी खबर आ रही है। यहां चोर एक मंदिर से भगवान की छतरी और अन्य सामान उड़ाकर फुर्र हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार, घटना देर रात की है। पंचकूला के सेक्टर 16 स्थित सनातन धर्म मंदिर में चोर सेंध लगाकर भगवान की मूर्ति के ऊपर लगी छतरी व अन्य सामान चुरा कर ले गए।
सुबह जब पुजारी ने मंदिर का दरवाजा खोला तो उसके होश उड़ गए। पुजारी ने तुरंत घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर छानबीन की।
फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंच कर मुआइना किया। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।