यह है पूरा मामला
हरियाणा राज्य महिला आयोग को शिकायत मिली थी कि टटीरी गाने में महिलाओं का अशोभनीय चित्रण किया गया है। इस पर आयोग ने 13 मार्च 2026 को पानीपत के एसपी को एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इससे पहले 6 मार्च 2026 को पंचकूला के साइबर क्राइम थाने में गाने को लेकर एफआईआर दर्ज की गई थी। शिकायत में आरोप था कि यह गीत यूट्यूब समेत विभिन्न ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रसारित हुआ और इसमें आपत्तिजनक सामग्री है। आयोग ने बादशाह को पेश होने के लिए तलब भी किया था। समय मांगे जाने के बावजूद सख्त रुख अपनाते हुए गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए थे जिसे चुनौती देते हुए बादशाह हाईकोर्ट पहुंचे थे।
बादशाह जांच में शामिल हुए, पूछताछ के बाद जमानत पर छोड़ा
गाने टटीरी को लेकर दर्ज मामले में रैपर बादशाह वीरवार को पुलिस जांच में शामिल हुए। पूछताछ के बाद उन्हें जमानत पर छोड़ दिया गया। यह मामला सेक्टर-20 स्थित साइबर थाने में 6 मार्च को दर्ज किया गया था। शिकायत चंडीमंदिर निवासी अभय चौधरी ने दी थी जिसमें गाने के आपत्तिजनक बोल और वीडियो के दृश्यों पर आपत्ति जताई गई थी।
शिकायत के अनुसार, गाना सोशल मीडिया और अन्य ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर तेजी से प्रसारित हो रहा था। वीडियो में स्कूल जैसे माहौल को पाठशाला से बदलकर बादशाला दिखाने और छात्राओं को यूनिफॉर्म में प्रस्तुत करने पर भी सवाल उठाए गए।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि इस तरह का चित्रण महिलाओं और बच्चियों की गरिमा को ठेस पहुंचा सकता है और युवाओं पर गलत प्रभाव डाल सकता है। उन्होंने गाने के प्रसारण पर रोक और सख्त कार्रवाई की मांग की थी। सेक्टर-20 साइबर थाना प्रभारी युद्धवीर सिंह ने बताया कि मामले की जांच जारी है और सभी पहलुओं के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।