चंडीगढ़ में सेक्टर-26 स्थित पुलिस लाइन के सामने एक तेज रफ्तार क्रेटा ने सामने जा रही रेहड़ी को पीछे से जारेदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही रेहड़ी समेत चालक करीब 20 फुट उछलकर सड़क किनारे खड़े ट्रक पर गिरा। उसके सिर में गंभीर चोट आई है। हादसा होते ही क्रेटा चालक ने कार दौड़ा दी।
राहगीरों ने एक किलोमीटर तक पीछा कर उसे पकड़ लिया। मगर पुलिस के आने से पहले ही वह चकमा देकर फरार हो गया। पुलिस ने उसकी कार जब्त कर जांच शुरू कर दी है। रेहड़ी चालक को सेक्टर 16 अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उधर, लोगों का आरोप है कि कार पुलिसवाला चला रहा था, इसलिए पुलिस लापरवाही बरत रही है।
प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि हादसा भीषण था। रात 10.45 बजे एक क्रेटा कार सेक्टर-26 स्थित बापूधाम लाइट प्वाइंट से ग्रेन मार्केट की ओर जा रही थी। कार की स्पीड 100 से ज्यादा थी। कार जब पुलिस लाइन के गेट नंबर एक और दो के पास पहुंची तो एक रेहड़ी चालक को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही चालक करीब 20 फुट उछलकर सड़क किनारे खड़े एक ट्रक पर गिरा। उसके सिर और दोनों पैरों पर गंभीर चोटें आईं। वहीं रेहड़ी भी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।