पीजीआई में कार्यरत महिला सुरक्षाकर्मी से युवक ने होटल में बंधक बनाकर रेप किया। विरोध जताने पर हाथ-पैर बांधकर लात-घूंसों से पीटा। पीजीआई में कार्यरत एक सुरक्षाकर्मी से उसी के गांव के युवक ने होटल में बंधक बनाकर दुष्कर्म किया। जब महिला ने विरोध किया तो आरोपी ने उसके हाथ-पैर बांधकर होटल के कमरे में ही लात-घूंसों से पीटा। वारदात के बाद आरोपी महिला को बेसुध छोड़ फरार हो गया। कुछ हालत सुधरने पर पीड़िता सीधे महिला थाने पहुंची। पुलिस ने आरोपी फूलकंवर के खिलाफ दुष्कर्म, छेड़छाड़, जान से मारने की धमकी, मारपीट और बंधक बनाने सहित कई धाराओं में केस दर्ज किया है।
पुलिस को दी शिकायत में पीड़िता ने बताया कि वह पीजीआई में सिक्योरिटी गार्ड है। वह 5 मई को गांव के बस स्टैंड पर बस का इंतजार कर रही थी। इसी बीच गांव का फूलकंवर बाइक लेकर आया। उसने महिला को रोहतक तक लिफ्ट दे दी। बीच रास्ते में आरोपी की नीयत खराब हो गई और वह महिला को जरूरी काम होने का बहना बनाकर सिविल रोड स्थित एक होटल में ले गया। यहां उसने महिला से छेड़छाड़ शुरू कर दी।
जब महिला ने विरोध किया तो आरोपी ने उसे बंद कमरे में लात-घूंसों से पीटा। इस दौरान आरोपी ने महिला को हवस का शिकार बनाया। दुष्कर्म करने के बाद फिर आरोपी ने महिला को पीटा। जब महिला बेसुध हो गई तो आरोपी उसे कमरे में ही छोड़कर फरार हो गया।
होश में आने पर पीड़िता महिला थाना पहुंची और वारदात की शिकायत दी। जांच अधिकारी बिमला के अनुसार पीड़िता का मेडिकल करवाकर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है, हालांकि आरोपी अभी पकड़ में नहीं आया है। उसकी तलाश की जा रही है, जल्द ही उसे पकड़ लिया जाएगा।