पोती की बीमारी से परेशान दादा-दादी एक तांत्रिक के चक्कर में क्या पड़े कि युवती का जीवन ही तबाह हो गया। सनसनीखेज मामला हरियाणा के हिसार का है। पहले तांत्रिक ने नाबालिग लड़की को झांसे में लेकर उससे दुष्कर्म किया, बाद में वह बालिग हो गई तो उसे बहला-फुसलाकर भगा ले गया।
पहले से शादीशुदा होते हुए उसने सिरसा कोर्ट में उससे प्रेम विवाह कर लिया। कुछ दिन वह प्रोटक्शन होम में पुलिस सुरक्षा में रहा। अब वह तीसरी शादी के चक्कर में लगा था, फिर किसी मामले में जेल पहुंच गया। तांत्रिक के चेहरे से पर्दा उठा तो युवती भागकर घर पहुंची और पुलिस को शिकायत कर दी।
मामले के अनुसार शहर में रहने वाले व्यक्ति ने अपनी बेटी को उकलाना में रह रहे दादा-दादी के पास भेजा था। युवती तब नाबालिग थी और उसे बार-बार दौरे पड़ते थे। इस बीच युवती की पड़दादी की मौत हो गई तो वह और ज्यादा सदमे में आ गई। वृद्ध दंपत्ति को किसी ने बहका दिया कि उस पर उपर का साया है और तांत्रिक क्रिया से इसे ठीक किया जा सकता है।
इसके बाद उसे पिता शहर के 12 क्वार्टर क्षेत्र में रहने वाले एक तांत्रिक अहमद बख्श को उकलाना लेकर गए। तांत्रिक ने युवती का इलाज करना शुरू दिया। तांत्रिक ने नाबालिग को झांसे में लेकर उससे दुष्कर्म किया। बाद में उसने उसे शादी के लिए तैयार कर लिया।