घर में मिले तीन सदस्यों के शव।
- फोटो : संवाद
बरनाला में शनिवार देर शाम युवा अकाली नेता ने अपनी मां व बेटी की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस सूत्रों के अनुसार मां-बेटी की हत्या के बाद उसने पालतू कुत्ते को गोली मारी और फिर खुद को भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली।
यह वारदात उस समय हुई जब कुलवीर मान की पत्नी रमनदीप कौर दूध लेने के लिए बाजार गई थीं। जब वह बाजार से लौटी तो घर का मुख्य दरवाजा अंदर से बंद था। इस पर रमनदीप ने कॉलोनी के चौकीदार को बुलाया और उसे दीवार फांदकर अंदर भेजकर मुख्य गेट खुलवाया। पत्नी ने जब अंदर देखा तो जमीन पर शव पड़े थे। इस पर रमनदीप ने पुलिस को सूचना दी।
वारदात की जानकारी मिलते ही एसएसपी संदीप मलिक, सीआईए इंचार्ज बलजीत सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस के साथ आई फॉरंसिक टीम ने भी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर अस्पताल में भिजवा दिए हैं। वारदात राम राज्य कॉलोनी में देर शाम की बताई जा रही है। मृतकों की पहचान कुलवीर मान, उनकी मां बलवंत कौर व बेटी निमरत कौर के रूप में हुई। युवा अकाली नेता ने यह कदम क्यों उठाया इसके लिए परिवारवालों से पूछताछ की जा रही है।
कुछ समय पहले ही बेटी कनाडा से लौटी थी
शुरुआती जांच में सामने आया कि कुलवीर मान राम राज्य कॉलोनी की कोठी नंबर 353 में रहता था। उनकी बेटी निमरत कौर कुछ समय पहले कनाडा से भारत लौटी थी।
घटना की बारीकी से जांच की जा रही है। हत्या में इस्तेमाल किया गया रिवॉल्वर रिकवर कर लिया गया है। यह हथियार लाइसेंसी था या नहीं, इसकी जांच की जा रही है। मौत के कारणों का अभी खुलासा नहीं हो पाया है। -संदीप मलिक, एसएसपी