रंजिश के चलते गर्भवती महिला को पीटने का मामला सामने आया है। महिला के साथ इतनी मारपीट की गई कि गर्भ में पल रहे बच्चे की मौत हो गई। घटना पंजाब के बठिंडा की है। गांव लहरा खाना में कुछ लोगों ने पुरानी रंजिश में एक गर्भवती को इतना पीटा कि उसके गर्भ में पल रहे बच्चे की मौत हो गई। वारदात के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
थाना नथाना पुलिस ने पीड़ित महिला सिमरन कौर निवासी गांव झंडुके की शिकायत पर आरोपी हरजिंदर सिंह, लखविंदर सिंह, गुरमेल सिंह, देव सिंह और हरदयाल सिंह निवासी लहरा खाना के खिलाफ बुधवार को मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। थाना नथाना के हवलदार गुरप्रीत सिंह ने बताया कि महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया है कि 26 फरवरी को वह गांव लहरा खाना स्थित अपने मायके आई हुई थी।
इस दौरान जब वह बाहर निकली तो उक्त आरोपियों ने किसी पुरानी रंजिश में उस पर हमला कर दिया। कुछ समय पहले पीड़िता के भाई के साथ आरोपियों का एक शादी समागम के दौरान झगड़ा हुआ था। इसकी वजह से वे रंजिश रखते थे। हवलदार ने बताया कि पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए है।