विजिलेंस ब्यूरो ने खन्ना से पावरकॉम के एक एसडीओ और एजेई को एक लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी एसडीओ बलदेव सिंह और एजेई राजेश कुमार है। विजिलेंस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ करप्शन एक्ट और 120-बी के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने यह कार्रवाई खन्ना के रहने वाले सतीश गुजराल की शिकायत पर की है।
सतीश गुजराल ने विजिलेंस विभाग को शिकायत दी थी कि उसके मकान के ऊपर से 11 केवीए बिजली के तार निकल रहे हैं, जिन्हें उसने साइड पर करवाना था। उन तार को साइड पर करवाने के लिए एसडीओ बलदेव सिंह और एजेई राजेश ने उससे 3 लाख रुपये की मांग की है। इसमें एक लाख पहले और दो लाख रुपये काम होने के बाद देने तय हुए थे। राजेश कुमार ने एडवांस के तौर पर उससे 20 हजार रुपये ले भी लिए थे। वीरवार को बाकी बचे 80 हजार रुपये देने थे।
एसएसपी रुपिंदर सिंह ने बताया कि शिकायत आने के बाद विभाग ने तुरंत कार्रवाई शुरू की। शिकायतकर्ता की दुकान के आसपास पुलिस ने ट्रैप लगा लिया। जब आरोपियों ने रिश्वत के 80 हजार रुपये लिए, तो विजिलेंस अधिकारियों ने गवाहों की हाजिरी में आरोपियों को पकड़ लिया। उसके बाद राजेश कुमार के घर से एडवांस लिए 20 हजार रुपये भी बरामद कर लिए।