रायपुररानी स्थित सीनियर सेकेंडरी स्कूल के बाहर दर्जनभर लड़कों ने चाकू और डंडों से हमला कर एक छात्र को घायल कर दिया। उसने भागकर अपनी जान बचाई।
बाद में उसे स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। रायपुररानी थाना पुलिस ने दो आरोपियों को नामजद किया है, लेकिन फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
पुलिस के मुताबिक, रायपुररानी निवासी साहिल स्थानीय स्कूल में 12वीं कक्षा का छात्र है। सोमवार सुबह करीब साढ़े दस बजे वह किसी काम से स्कूल के बाहर आया तो उसे दर्जनभर लड़कों ने घेर लिया और मारपीट शुरू कर दी।
साहिल ने बयान दर्ज कराया है कि उसकी टांग व कमर पर चाकू मारा गया और डंडों से भी पीटा गया। उसने अपने ही स्कूल में पढ़ने वाले दो लड़कों के खिलाफ आरोप लगाया है, जिन्हें पुलिस ने नामजद कर लिया है।
इसके अलावा 8-10 अन्य लड़कों पर भी आरोप लगाया है, जिन्हें वह नहीं जानता।
सूत्रों के मुताबिक, कुछ दिन पहले भी खेड़ा मंदिर के पास इसी ग्रुप के साथ साहिल व उसके दोस्तों का झगड़ा हुआ था। उधर, रायपुररानी थाना प्रभारी के मुताबिक मामला दर्ज कर लिया गया है। घायल साहिल की हालत ठीक है।