चंडीगढ़ के मनीमाजरा में पुराने रोपड़ रोड के बाजार में आए एक व्यक्ति की आल्टो कार से एक लाख रुपये निकालकर चार युवक भाग निकले। खरड़ का रहने वाला भारत भूषण पांच मिनट के लिए दुकानों के आगे अपनी कार खड़ी करके चश्मे की दुकान पर अपनी माता का चश्मा बनवाने लगा था। इतनी ही देर में उसकी कार से एक लाख रुपये युवकों ने साफ कर दिए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर डीएसपी उदयपाल सिंह, मनीमाजरा थाना प्रभारी जसपाल सिंह अपनी टीम के साथ पहुंचे और सीसीटीवी कैमरे की जांच की। इसमें एक युवक गाड़ी से पैसे निकलता दिखाई दे रहा है। हालांकि उसके साथ चार युवक हैं जो आसपास पूरी निगरानी कर रहे हैं। इनमें से एक युवक तो चश्मे की दुकान में भारत भूषण के पीछे ही गया था। इस तरह पूरी तैयारी के साथ इन युवकों ने वारदात को अंजाम दिया। गाड़ी के कागजात भी गायब हैं।