फाजिल्का सदर थाना पुलिस ने एक व्यक्ति को काबू करके उससे 18 लाख 10 हजार रुपये की जाली करेंसी बरामद की है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना के आधार पर छापेमारी करते हुए आरोपी को गांव अभुन्न के बस स्टैंड से दबोचा। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
जांच अधिकारी एसआई हरबंस सिंह ने बताया कि गश्त के दौरान जब वह ढाणी खरासवाली के सेम नाले के निकट मौजूद थे। इस दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि गुरूहरसहाय के गांव मोहन के उताड़ निवासी गुरमीत सिंह जाली करेंसी तैयार करके बाजार में चलाता है। आरोपी गुरमीत अब भी अरनीवाला से भारी मात्रा में जाली करेंसी लेकर मोटरसाइकिल से फाजिल्का की तरफ आ रहा है।
उन्होंने सूचना के आधार पर गांव अभुन्न के बस स्टैंड पर नाकाबंदी करके गुरमीत सिंह को काबू कर लिया। तलाशी के दौरान पुलिस ने उक्त व्यक्ति से 18 लाख 10 हजार रुपये की जाली करेंसी बरामद की। एसआई हरबंस सिंह ने बताया कि पकड़े गए आरोपी से पूछताछ की जा रही है, ताकि पता चल सके कि उसे यह करेंसी कहां से मिली है।
पुलिस आरोपी से यह भी पता लगाना चाहती है कि वह जाली करेंसी खुद तैयार करता है तो कागज, प्रिंटर और स्कैनर आदि कहां रखे हुए हैं। सूत्रों से पता चला है कि उक्त व्यक्ति पिछले काफी समय से जाली करेंसी का कारोबार कर रहा है और अब तक करोड़ों रुपये बाजार में चला चुका है।
पूछताछ के दौरान पुलिस इसके अन्य सहयोगियों के बारे में भी पता लगा रही है। फिलहाल उन्होंने गुरमीत सिंह के विरुद्ध भारतीय दंड संहिता की कई धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।