फेज-नौ में डेढ़ वर्षीय बच्ची की बेड से गिरने से मौत का मामला सामने आया है। बच्ची की मौत से पूरा परिवार सदमे में है। बच्ची के पिता राजेश वर्मा और मां आस्था वर्मा का रो-रोकर बुरा हाल है। उनकी आंखों से आंसू रुकने का नाम नहीं ले रहे हैं। वहीं, इलाके के पार्षद और गणमान्य लोग परिवार से मिलने पहुंचे।
जानकारी के मुताबिक, 27 दिसंबर की शाम करीब चार बजे बच्ची अचानक बेड से नीचे गिर गई थी। उसके बाद कुछ समय तक वह बिलकुल ठीक थी, लेकिन शाम में करीब सात बजे उसकी तबीयत बिगड़ गई। बच्ची के परिजन उसे तुरंत अस्पताल ले गए। परिजन बच्ची को लेकर पहले फेज-6 के अस्पताल गए।
वहां से डॉक्टरों ने सेक्टर-32 अस्पताल रेफर कर दिया। हालांकि उसका वहां सुधार नहीं हुआ। बच्ची को वेंटिलेटर पर रखने की जरूरत थी। इसलिए उसे चंडीगढ़ के एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल में इलाज के दौरान मंगलवार को बच्ची की मौत हो गई।
इकलौती औलाद थी
जानकारी के मुताबिक, बच्ची माता-पिता की इकलौती औलाद थी। बच्ची के पिता राजेश वर्मा और मां आस्था वर्मा बेटी को बेहद प्यार से पालन पोषण कर रहे थे। वहीं, बच्ची की मौत सेे इलाके के लोग भी हैरान हैं।