दिल्ली से हेरोइन लाकर चंडीगढ़, पंचकूला और पिंजौर में सप्लाई करने वाले नाइजीरियन को नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) ने सेक्टर-17 से गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान नाइजीरियन ऐज उचेन्न जेम्स के रूप में हुई है।
आरोपी के पास से बैग से एनसीबी ने 415 ग्राम हेरोइन बरामद की है। एनसीबी के जोनल डायरेक्टर कौस्तुभ शर्मा ने बताया कि बुधवार शाम को उन्हें सूचना मिली कि दिल्ली से एक नाइजीरियन हेरोइन सप्लाई करने चंडीगढ़ होकर पंचकूला जा रहा है। सूचना मिलते ही एनसीबी ने सेक्टर-17 स्थित मेला ग्रांउड के पास नाका लगाया। एनसीबी टीम को नाके पर भूरे रंग का बैग लेकर नाइजीरियन आता दिखाई दिया।
टीम ने नाइजीरियन युवक को दबोचकर जब बैग की तलाशी ली तो उससे हेरोइन बरामद हुई। नाइजीरियन ने बताया कि वह हेरोइन दिल्ली से लेकर आया है। यह हेरोइन उसके दोस्त रैफेल की है। सिरसा पुलिस ने कुछ दिन पहले उसके दोस्त रैफेल को 13 ग्राम हेरोइन के साथ पकड़ा था।