जिस कोचिंग सेंटर पर अनिकेत पढ़ता था, उस कोचिंग सेंटर पर उसका चचेरा भाई भी पढ़ता है। शनिवार को रोजाना की तरह समय पर जब अनिकेत कोचिंग सेंटर नहीं पहुंचा तो चचेरे भाई ने उसे फोन किया। यह सुबह 9:56 मिनट का समय था। इस कॉल के दौरान हुई बातचीत में चचेरे भाई ने अनिकेत से पूछा कि वह कहां है, कोचिंग सेंटर क्यों नहीं पहुंचा है। जिस पर अनिकेत ने बताया कि वह हिमांशु उर्फ गुड्डू के साथ बावड़ी देखने आया है।
इसके बाद चचेरे भाई ने कहा कि वह जल्दी सेंटर पर आ जाएं। कुछ देर बाद फिर से चचेरे भाई ने फोन किया, मोबाइल की रिंग पूरी बजी, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुई। कॉल के ठीक 34 मिनट बाद यानी सुबह साढ़े 10 बजे उसकी हत्या होने की सूचना मिली।
सीन ऑफ क्राइम देख पुलिस बोली : छात्र पर पीछे की ओर से किया गया चाकू से हमला
वारदात की सूचना मिलने पर महम थाना पुलिस भारी पुलिसबल के साथ वारदात स्थल पर पहुंचा। जहां पहुंचने के सीन ऑफ क्राइम देखने के बाद पुलिस ने बताया कि छात्र की गर्दन पर पीछे की ओर से चाकू से हमला किया गया है।
आरोपी ने पहले छात्र का पीछे की ओर से मुंह दबाया और दूसरे हाथ से चाकू से गला रेत दिया। इसके बाद उसके हाथ व पैरों पर भी चाकू से हमला किया गया। वारदात के समय छात्र की पीठ पर किताबों से भरा बैग लटका हुआ था। कुछ किताबें साथ में बिखरी पड़ी थी। आरोपी के पैर के नीचे की तरफ खून लगने के कारण दूर तक खून के निशान बन गए थे। पुलिस अनुमान लगा रही है कि वारदात में एक से ज्यादा आरोपी शामिल होने की आशंका है।
आरोपियों को जल्द पकड़ा जाएगा
छात्र के पिता की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है। पिता ने दी शिकायत में एक युवक हिमांशु पर शक जताया है। पुलिस ने फिलहाल अज्ञात पर केस दर्ज किया है। हालांकि हिमांशु से पूछताछ के लिए संपर्क किया जा रहा है। पुलिस विभिन्न पहलुओं पर काम रही है। इसके अलावा सीआईए भी जांच में जुटी हुई है। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। - सुरेश कुमार, थाना प्रभारी, महम।