लुधियाना के ग्यासपुरा इलाके में रहने वाली एक महिला ने गला दर्द की शिकायत की तो उसके पति ने गला दबा कर उसकी हत्या ही कर दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के बाद ग्यासपुरा की रीटा रानी (33) के शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया है।
पुलिस ने इस मामले में रीटा के पति अमरजीत के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी अमरजीत को शुक्रवार को अदालत में पेश किया जाएगा। थाना फोकल प्वाइंट के एसएचओ सब इंस्पेक्टर हरजिंदर सिंह ने कहा कि अमरजीत और रीटा मूल रुप से बिहार के जिला छपरा के रहने वाले थे। वहां यहां पर काफी समय से रह रहे थे और उनका 12 साल का बेटा भी है।
पिछले कुछ दिनों से रीटा के गले में दर्द हो रहा था। वीरवार सुबह उसने अपने पति से कहा कि उसके गले में दर्द हो रहा है। वह उसे दवाई लाकर दे दे। इसके बाद रीटा ने उसे थोड़ा गला दबाने की बात कही तो आरोपी ने गला इस कदर दबाया कि रीटा की मौत ही हो गई। इसके बाद आरोपी ने आस-पास के लोगों को खुद ही इसके बारे में बता दिया। इसी दौरान किसी ने इसकी जानकारी पुलिस को दी।
पुलिस ने आरोपी को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया। एडीसीपी 2 डॉ. संदीप गर्ग ने कहा कि पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने रीटा के परिजनों को गांव में सूचना दे दी है। उनके आने के बाद ही रीटा के शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।