एक युवक की तेजधार हथियार से हत्या कर लाश नहर में फेंक दी गई। मंगलवार को नहर से लाश मिलने पर शरीर पर चोटों के निशान थे। बताया जा रहा है कि पीड़ित परिवार का एक आढ़ती से जमीन विवाद चल रहा था, आरोप है कि उसी ने युवक की हत्या करवाई है।
इस बारे में जब पुलिस को आरोपियों पर मामला दर्ज करने को कहा तो आनाकानी करने लगी। इस पर थाना गुरुहरसहाए के सामने पीड़ित परिवार ने युवक की लाश रखकर पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की और काफी देर तक यातायात जाम रखा।
एसपी (डी) अमरजीत सिंह मौके पर पहुंचे और मृतक के शरीर पर लगे चोटों को देख आरोपियों के खिलाफ बनती कार्रवाई करने का आश्वासन पीड़ित परिवार को दिया, तब जाकर परिजन धरने से उठे।
विक्रमजीत सिंह पुत्र अमोलक राज निवासी गांव मंडीवाल ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि सोमवार दोपहर करीब 2 बजे उसके भाई जगदीश चंद्र को दो व्यक्ति हरीश व काली पुत्र कश्मीर चंद निवासी मोतीवाल घर से बाइक पर ले गए। जब उसका भाई देर शाम तक घर न पहुंचा तो उन्होंने उसकी तलाश शुरू कर दी।
उसने बताया कि देर रात को हरीश का फोन आया कि जगदीश की बाइक गांव मोहन के उताड़ में नहर के पास गिरी पड़ी है। पुलिस भी मौके पर पहुंची। उन्होंने ग्रामीणों की मदद से गांव मोहन के उताड़ से गांव की ओर जाने वाली लाधूका माइनर में जगदीश की तलाश की, लेकिन वह नहीं मिला।
मंगलवार सुबह करीब 7 बजे गांव से कुछ दूरी पर नहर में किसी ने जगदीश की लाश देखी तो उन्हें सूचित किया। लाश मिलने की खबर मिलते ही परिजन और ग्रामीण वहां पहुंचे और पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लिया व थाना गुरुहरसहाय में ले आई।
मृतक के भाई विक्रमजीत सिंह ने बताया कि पिछले कुछ साल से उनका एक आढ़ती के साथ अदालत में जमीन विवाद चला आ रहा है। उसने आरोप लगाया कि आढ़ती ने साजिश के तहत ही हरीश व काली की मदद से उसके भाई का कत्ल किया है।
मृतक के परिजनों ने बताया कि जगदीश के शरीर पर लगी चोटों से स्पष्ट होता है कि उसका कत्ल हुआ है लेकिन पुलिस इस बारे में कार्रवाई नहीं कर रही। इसलिए वे रोड पर लाश रखकर धरना देने पर मजबूर हुए हैं।
सूचना मिलते ही फिरोजपुर से एसपी डी अमरजीत सिंह मौके पर पहुंचे और उन्होंने मृतक की लाश का जायजा लेकर परिजनों से बात की। उन्होंने परिजनों को आश्वासन दिया कि पुलिस इस बारे में मामला दर्ज करके बनती कार्रवाई करेगी, जिसके बाद प्रदर्शनकारियों ने धरना उठा लिया।