चाचा से विवाद के चलते युवक ने कत्ल कर दिया दोस्त
- फोटो : अमर उजाला
चाचा से झगड़ा हुआ तो दोस्तों को उनके घर आने-जाने से मना कर दिया, लेकिन वे नहीं माने। गुस्साए युवक ने खौफनाक कदम उठा लिया। युवक ने दोनों पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा घायल है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इंडस्ट्रियल एरिया फेज एक पुलिस स्टेशन के एसएचओ सुखविंदर सिंह ने बताया कि आरोपी कालोनी नंबर चार निवासी अजय कुमार (25) है।
एसएचओ ने बताया कि अजय ने वीरवार रात करीब 9 बजे अपने दोस्त बंटी और कुलबीर सिंह पर शराब के नशे में कालोनी नंबर चार में ही चाकू से हमला किया था। घायल हालत में पीसीआर दोनों को जीएमसीएच 32 ले गई थी, जहां इलाज के दौरान कुलबीर की देर रात मौत हो गई। जबकि बंटी का इलाज अभी भी अस्पताल में चल रहा है।
पुलिस की पूछताछ अजय ने बताया है कि उसका कालोनी नंबर चार में रहने वाले अपने चाचा के साथ करीब ढाई महीने पहले झगड़ा हुआ था। बंटी और कुलबीर दोनों का उसके चाचा के घर आना- जाना था। अजय ने दोनों को कई बार मना किया था कि वे उसके चाचा से बात न किया करें। लेकिन वे नहीं माने। इसी बात से नाराज होकर उन पर चाकू से हमला कर दिया।
पुलिस ने बताया कि अजय ने अपने ऊपर चाकू से वार कर अस्पताल पहुंच गया और बोला इन्होंने भी उस पर हमला किया है। लेकिन अजय के घाव देखकर पुलिस को उस पर शक हो गया। पुलिस अस्पताल में ही उस पर नजर रखे थी। एसएचओ ने बताया कि जैसे ही अजय को पता चला कि कुलबीर मर चुका है, उसने अस्पताल से भागने की कोशिश की लेकिन पुलिस ने उसे अस्पताल परिसर से गिरफ्तार कर लिया।
अजय, कुलबीर और बंटी तीनों कबाड़ इक्ठ्ठा करने का काम करते है। इसी बीच पुलिस ने शुक्रवार दोपहर को शव का पोस्टमार्टम करवाकर शव कुलबीर के परिजनों को सौंप दिया। कुलबीर की शादी हो चुकी थी और चार बच्चे थे। कुलबीर मूल रूप से पटियाला के पातड़ां का रहने वाला है।