सीमा पर स्थित गांव जगतपुरा के एक युवक का कत्ल कर उसकी लाश पास ही रेलवे लाइन के किनारे फेंक दी गई।
बुधवार सुबह रेलवे लाइन के नीचे, सड़क के किनारे लाश मिलने से सनसनी फैल गई। लोगों ने थाना फेज 11 पुलिस को सूचित किया।
लाश रेलवे की हद में थी तो उन्होंने जीआरपी को सूचना दी। इस बीच किसी ने मृतक के पिता को बताया, जिन्होंने मौके पर पहुंच कर शिनाख्त की।
जीआरपी ने अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। मृतक की पहचान योगराज उर्फ भोलू (28) के रूप में हुई है।
वह जगतपुरा स्थित गुरु नानक कॉलोनी का निवासी था। योगराज पहले एक निजी स्कूल की बस में ड्राइवर का काम करता था। पिछले कुछ समय से वह बेकार था और मैकेनिक का काम कर लेता था।
उसकी लाश फेज 11 से चंडीगढ़ को जाने वाली रोड पर मोटर मार्केट के सामने रेलवे लाइन के नीचे सड़क के किनारे मिली।