सेक्टर-35 निवासी रिटायर्ड एयरफोर्स अफसर की पत्नी नीलम सैनी की नवंबर 2014 में निर्मम हत्या के मामले में जिला अदालत ने राम सुंदर यादव उर्फ सुनील और देवेंद्र कुमार यादव को उम्रकैद की सजा सुनाई है। मूलरूप से बिहार के मधुबनी जिला निवासी दोनों हत्यारों पर अदालत ने 30-30 हजार रुपये जुर्माना भी लगाया है। वहीं मामले में तीसरे आरोपी के खिलाफ जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड में केस चल रहा है।
मामले के अनुसार सेक्टर-35 निवासी बुजुर्ग नीलम सैनी की 14 नवंबर 2014 को उनके नौकर ने हत्या कर दी थी। उन्होंने घटना से 4-5 दिन पहले ही दिल्ली की एक एजेंसी से नौकर हायर किया था। नौकर राम सुंदर यादव ने खुद को बिहार निवासी बताया था। नीलम घर पर अकेली रहती थीं। घटना के दिन देर रात करीब 10:30 बजे उनकी हत्या का उस समय पता चला जब ऊपर की मंजिल पर किराये पर रहने वाला युवक पानी लेने उनके पास आया। पुलिस में दिए बयान में उसने कहा था कि घर का सारा सामान बिखरा पड़ा था और नीलम सैनी का शव बाथरूम में बंधा पड़ा था। पुलिस को जांच में पता चला कि हत्या के बाद नौकर करीब 20 लाख रुपये के गहने और कैश लूटकर ले गया था। उसकी स्थानीय पुलिस से वेरिफिकेशन भी नहीं कराई गई थी।
पुलिस ने मामले की जांच की तो पाया कि वारदात में कई लोग शामिल थे। इसके कुछ दिन बाद पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया था। हत्याकांड में राम सुंदर उर्फ सुनील और उसके साथी देवेंद्र कुमार और तीसरे की पहचान नाबालिग के तौर पर हुई थी। तीनों बिहार के मधुबनी जिले के रहने वाले थे। पुलिस टीम राम सुंदर का पीछा करते हुए बिहार पहुंची, लेकिन वहां पता चला कि वे यूपी चले गए हैं। पुलिस ने यूपी से हरिद्वार तक पीछा किया था। इसके बाद आरोपी किसी काम से चंडीगढ़ पहुंचे तो पुलिस ने उन्हें दबोच लिया था।