गैंगरेप की घटना जिस गेस्ट हाउस में हुई, उसके बाहर से बरामद सेक्स वर्धक दवाएं, व अन्य आपत्तिजनक चीजों की बरामदगी से साफ हो गया है कि यहां जिस्मफरोशी का धंधा चल रहा था। जांच में खुलासा हुआ है कि व्हाट्सएप के जरिए ग्राहकों को बुलाया जाता था। व्हाट्सएप पर आरोपियों को पीड़िता के फोटोग्राफ भी भेजे गए थे।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि इस पूरे धंधे को सोशल साइट्स और मोबाइल के जरिए आपरेट किया जा रहा था। पीड़िता के फोटोग्राफ 70 से अधिक लोगों को भेजे गए, जबकि गैंगरेप मामले में 40 आरोपियों के शामिल होने का आरोप है। ऐसे में पुलिस कुछ आरोपियों के खिलाफ आईटी एक्ट के तहत भी धाराएं जोड़ सकती है।
गेस्ट हाउस में नशा भी परोसा जाता था
गेस्ट हाउस के बाहर बीड़ी, सिगरेट और शराब की बोतलें भी इधर-उधर बिखरी पड़ी दिखीं। ग्रामीणों का कहना है कि गेस्ट हाउस के बाहर ऐसी-ऐसी आपत्तिजनक चीजें पड़ी रहती हैं कि यहां से गुजरने में भी शर्म आती है। घटना के बाद स्कूली बच्चों ने भी आने-जाने का रास्ता बदल लिया है। गेस्ट हाउस के कमरों से कई नशीले पदार्थों की भी बरामदगी हुई है, जिसकी पड़ताल के बाद इस मामले में कई और खुलासा होने की उम्मीद है।