सहेली के दोस्त की जन्मदिन पार्टी में कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ पिलाकर युवती से दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। जब युवती को होश आया तो उसे पता चला। उसने विरोध किया तो आरोपियों ने उसे धमकी दी। पीड़िता ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। मामला पंजाब के लुधियाना का है। यहां के थाना सलेम टाबरी पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर उसकी सहेली और एक युवक के खिलाफ मामला दर्जकर दिया है।
आरोपी लड़के की पहचान जालंधर बाईपास निवासी रोहित बावा के तौर पर हुई है। पुलिस तलाश में जुट गई है। पुलिस ने पीड़िता की मेडिकल जांच कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। थाना सलेम टाबरी के एसएचओ गोपाल कृष्ण ने बताया कि ढोलेवाल इलाके में रहने वाली एक युवती को उसकी सहेली अपने साथ दोस्त के घर जन्मदिन पार्टी मनाने ले गई। पीड़िता की सहेली साहनेवाल इलाके की रहने वाली है।
पीड़िता अपनी सहेली के साथ तीन मार्च को उसके दोस्त के घर गई थी। उस दिन पीड़िता की सहेली के दोस्त का एक दोस्त वहां पर मौजूद था। उन्होंने मिलकर युवती को कोल्ड ड्रिंक में कोई नशीला पदार्थ पिला दिया, जिससे युवती बेसुध हो गई। इसके बाद आरोपी ने दुष्कर्म किया। होश आने पर युवती को घटना का पता चला। युवती ने सोमवार को पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर पीड़िता की सहेली और उसके दोस्त के दोस्त के खिलाफ मामला दर्ज किया।