पटियाला में 13 साल की बच्ची से उसकी मां के साथ लिव इन रिलेशनशिप में रह रहे व्यक्ति की ओर से दुष्कर्म करने व फिर धमकियां देने का मामला सामने आया है। थाना लाहौरी गेट पुलिस ने आरोपी व्यक्ति के खिलाफ दुष्कर्म, धमकियां देने और सेक्शन चार पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी एसआई संदीप कौर ने बताया कि पीड़ित बच्ची की मां ने पुलिस में बयान दिया है कि वह करीब 11 साल पहले अपने पति से अलग हो गई थी।
बाद में वह अपनी दो छोटी बच्चियों के साथ आरोपी के साथ लिव इन रिलेशनशिप में रहने लगी। रविवार को बच्ची ने अपनी मां से पेट में जोर का दर्द होने की शिकायत की। जब मां ने पूछा तो बच्ची ने रोते हुए बताया कि जब भी वह घर नहीं होती तब आरोपी उसके साथ अश्लील हरकतें करता था।
बाद में कुछ दिन पहले आरोपी ने जबरन बच्ची के साथ दुष्कर्म किया। इस बारे में किसी को बताने पर बच्ची को जान से मारने की धमकियां दीं। बच्ची की मां ने मामले की पुलिस में शिकायत की। पुलिस ने बच्ची को अस्पताल में दाखिल करा दिया है। साथ ही बच्ची की मां के बयान पर उसके प्रेमी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। आरोपी फरार है, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है।