रोहतक में सीआईए-1 और पुलिस को लूटने का प्रयास करने वाले अंतर्राज्यीय लूट गिरोह के सदस्यों ने पूछताछ में कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। गिरोह के सदस्य हरियाणा ही नहीं दिल्ली, वेस्ट यूपी और राजस्थान के हाईवे पर अब तक 20 से अधिक वारदात को अंजाम दे चुके हैं। दो आरोपियों को पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर जेल भेज दिया जबकि दो को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है।
मंगलवार की देर रात ब्राह्मणवास गांव के पास चार बदमाशों ने पुलिस और सीआईए-1 पर पिस्तौल और रायफल तान दी थी और लूट का प्रयास किया था। हालांकि बाद में पुलिस ने नूंह जिले के आबिद, राशिद, तौफीक, शौकीन को गिरफ्तार कर लिया था। सीआईए-1 के प्रभारी नवीन कुमार जाखड़ , एएसआई पंकज कुमार, सुशील कुमार ने बताया कि गिरोह का सरगना आबिद है। गिरोह ने वर्ष 2016 में सांपला क्षेत्र से शराब से भरा ट्रक लूटा था।
इसके अलावा गिरोह सोनीपत, पलवल, गुरुग्राम, गुरुग्राम, रेवाड़ी, राजस्थान, दिल्ली और वेस्ट यूपी के बागपत से होकर निकल रहे ईस्टर्न पेरिफेरल, बागपत में दिल्ली सहारनपुर हाईवे, रोहतक में सोनीपत-रोहतक हाईवे पर 20 से अधिक शराब से भरे वाहनों को लूटने की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया है। कोर्ट के आदेश पर पकड़े गए गिरोह के सदस्य आबिद और राशिद को एक दिन के रिमांड पर लिया गया जबकि तौफीक और शौकीन को जेल भेज दिया गया।
पुलिस पूछताछ में गिरोह के सदस्यों ने बताया कि हाईवे के होटलों पर बैठकर वे शराब से भरे वाहनों की रेकी करते हैं। इसके बाद लग्जरी गाड़ियों से शराब से भरी गाड़ियों का पीछा किया जाता है। ताकि शक न हो सके। यहीं नहीं लूटने से पूर्व गिरोह की तीन गाड़ियां हाईवे पर चलती हैं। सुनसान इलाकों और पुलिस की लोकेशन एक दूसरे को मोबाइल पर दी जाती है। जैसे ही हाईवे पर सुनसान स्थान पर मौका लगता तो तुरंत चालक ओर हेल्पर को बंधक बनाकर ट्रक को लूट लिया जाता है। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि गिरोह का सरगना एक ही संप्रदाय के लोगों को गिरोह में शामिल करता है।
गिरोह के सदस्यों ने पूछताछ में खुलासा किया है कि लूटी गई शराब को यूपी के बागपत, मेरठ, मुजफ्फरनगर में बेचते हैं। पुलिस ने शराब की खरीदारी करने वालों का ब्योरा भी जुटाना शुरू कर दिया है।
गिरोह अन्य राज्यों में भी शराब से भरे वाहनों को लूटता है। जल्द ही गिरोह के अन्य सदस्यों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
- जशनदीप सिंह रंधावा, एसपी