चंडीगढ़ में देर से आने पर किराएदार को टोकना बुजुर्ग महिला को भारी पड़ गया। युवक ने महिला की बेरहती से पिटाई कर दी। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार सेक्टर-37 निवासी जोगिंदर कौर (79) ने आरोप लगाया कि शुक्रवार रात उनके मकान में किराए पर रहने वाला युवक भंवर सिंह राणा ने उनसे मारपीट की। जिससे वह घायल हो गईं। परिजनों के अनुसार, भंवर सिंह राणा जब देर से आया तो जोगिंदर कौर ने उससे जल्दी आने को कहा था।
महिला ने युवक से कहा कि जल्दी आया करो ताकि गेट समय से बंद किया जा सके। इसी बात को लेकर दोनों में बहस हो गई। इसके बाद आरोपी ने महिला को जोर से धक्का मारा, जिससे जोगिंदर कौर जमीन पर गिर गईं। इसके बाद आरोपी ने महिला के साथ धक्कामुक्की भी की।
यह देख पीड़िता के परिवार वालों ने बीच बचाव कर दोनों को छुड़वाया। परिजनों ने 100 नंबर पर कॉल कर पुलिस को मारपीट की सूचना दी। पीसीआर बुजुर्ग को सेक्टर-16 अस्पताल ले गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर भंवर सिंह को गिरफ्तार कर लिया। बाद में उसे जमानत पर छोड़ दिया गया।