एएसआई नरेंद्र सिंह ने बताया कि वह एचसी अनिल, वीरेंद्र व चालक सिपाही सुनील कुमार के साथ गश्त पर शिव मंदिर के पास मौजूद थे। इसी दौरान सूचना मिली कि एक आदमी घर में आग लगाकर फरार हो गया है। इसके बाद उसकी तलाश शुरू की। इस दौरान एक व्यक्ति बूस्टर के पास से आता दिखाई दिया, जब उसे रुकने का इशारा किया तो उसने पत्थर उठाया और चेतावनी दी कि वह परिवार को जलाकर आया है, तुम्हें भी जान से मार दूंगा।
इसके बाद उसने पत्थर से पीसीआर का शीशा तोड़ दिया। जब उसे पकड़ने का प्रयास किया तो वह एक दीवार कूद गया, जिससे उसे चोट भी लगी। इसके बाद उसे काबू कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सरकारी ड्यूटी में बाधा पहुंचाने, पुलिस पार्टी पर हमला करने, धमकी देने सहित अन्य धाराओं में भी केस दर्ज किया है।
मंगलवार तड़के करीब साढ़े तीन बजे मकान में आग लगने की सूचना मिली। मौके पर परिजनों ने प्रारंभिक पूछताछ में बताया कि परिवार करीब 9 साल से सल्हारा मोहल्ला में रहता है। राजेश सब्जी विक्रेता है, लेकिन पिछले छह दिन से मानसिक परेशान चल रहा था, इस कारण वह सब्जी बेचने नहीं जा रहा था। सोमवार रात करीब 11 बजे परिवार सो गया था। मंगलवार तड़के तीन बजे राजेश साथ लगते जीजा के कमरे में गया और आग लगाने की बात कही और दीवार फांदकर भाग गया। आग से मंजू व भारती जिंदा जल गए। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। आग लगाने के कारणों का पता लगाया जा रहा है। - कुलदीप सिंह, पुरानी सब्जी मंडी थाना प्रभारी।