कालका में संदिग्ध परिस्थितियों में एक व्यक्ति की मौत का मामला प्रकाश में आया है। जानकारी देते हुए मृतक के भाई गुरबचन ने बताया कि पवन सियुड़ी में रहता था और बीडीपीओ कार्यालय के नजदीक एक कंपनी में कार्यरत था।
उन्होंने बताया कि रोजाना की तरह शनिवार को भी वह घर से काम पर निकला था, लेकिन जब वह घर नहीं लौटा तो रात करीब नौ बजे कंपनी के मालिक ने उन्हें सूचना दी की पवन की तबीयत खराब है और वह कालका अस्पताल में है। गुरबचन ने बताया कि जब वह अस्पताल पहुंचे तो उन्हें यह सूचना मिली की पवन की मृत्यु हो चुकी है।
उन्होंने बताया कि अस्पताल में मौजूद कंपनी कर्मचारियों से उन्हें पता चला कि पवन कंपनी से शाम 7:30 बजे निकल गया था। कंपनी से जब अन्य कर्मचारी निकले तो उन्होंने पवन को रास्ते पर गिरा हुआ देखा। कर्मचारियों ने पिकअप की सहायता से पवन को कालका अस्पताल पहुंचाया।
गुरबचन ने बताया कि कंपनी कर्मचारियों ने बताया जब पवन को अस्पताल लाया गया था तब उसकी सांसें चल रही थीं। कालका थाना प्रभारी उमेद सिंह ने बताया कि मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। वहीं रविवार को पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों के हवाले कर दिया गया।