ज्योति हत्याकांड में हाईकोर्ट में अपील फाइल करने के लिए पंचकूला जिलाधिकारी की मंजूरी मिल गई है। उन्होंने अदालत के फैसले पर सहमति जताई है। अपील से संबंधित दस्तावेज एडवोकेट जनरल हरियाणा को भी भेज दी गई है। एडवोकेट जनरल की मंजूरी मिलने के बाद ही यह मामला अपील के लिए हाईकोर्ट भेजा जाएगा।
ज्योति हत्याकांड में पंचकूला की अदालत से हिमाचल के दून क्षेत्र के विधायक रामकुमार सहित सभी 12 आरोपियों को बरी किया गया था।
इसके बाद पंचकूला पुलिस की खूब किरकिरी हुई थी और जांच में खामियां ढूंढने के लिए तीन सदस्यीय स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम गठित की गई थी। एसआईटी की रिपोर्ट सोमवार को डीजीपी और जिलाधिकारी को सौंपी गई थी।
आरोपी पुलिसकर्मियों को भी नोटिस
इसमें जांच में लापरवाही के लिए जिम्मेदार पुलिस अफसरों को कारण बताओ नोटिस जारी करने और उन पर कार्रवाई करने के अलावा हाईकोर्ट में अपील करने की भी सिफारिश की गई थी।
जिलाधिकारी डा. एसएस फुलिया ने अदालत के फैसले से संबंधित विंदुओं पर सहमति जताते हुए अपील फाइल करने की मंजूरी दे दी है। उधर, इस मामले की जांच से जुड़े पांच तत्कालीन पुलिस अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने और इस मामले में आगे की कार्रवाई के लिए भी पुलिस तैयारी करने में जुटी है।
इस मामले की जांच से जुड़े एसीपी पर कार्रवाई करने पर होम डिपार्टमेंट, जबकि अन्य कर्मियों पर डीसीपी फैसला लेंगे। इस मामले में पुलिस अन्य कानूनी सलाह भी ले रही है, ताकि रिपोर्ट में मिली कमियों के आधार पर अन्य सभी पहलुओं की बारीकियों पर गौर कर फैसला लिया जा सके।