पंजाब में लुधियाना के पास हुए दर्दनाक हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई है। हादसा, समराला-माछीवाड़ा रोड पर ट्रक और इनोवा कार की टक्कर से हुआ।
मरने वालों में एक ही परिवार के छह लोगों के अलावा ड्राइवर और नौकरानी शामिल है। मरने वाले सभी मोगा के रहने वाले बताए जा रहे हैं। हादसे की खबर मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक मोगा का एक एनआरआई परिवार इनोवा कार में आनंदपुर साहिब के गुरुद्वारा में माथा टेकने के लिए निकला था। कार में एक ही परिवार के छह लोगों के साथ ड्राइवर और नौकरानी थे।
समराला-माछीवाड़ा रोड पर उनकी कार सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आ गई। हादसे में इनोवा कार में सवार सभी लोगों की मौत हो गई।
हादसा, इतना दर्दनाक था कि कार में फंसे शवों को बहुत मुश्किल से बाहर निकाला गया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।