बुजुर्ग को इंश्योरेंस कंपनी में फंसे 85 हजार रुपये वापस दिलवाने के नाम पर 12.30 लाख रुपये ठग लिए गए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है और साइबर सैल मामले की जांच कर रही है।
जानकारी केअनुसार सेक्टर 43 निवासी निर्मल सिंह पानेसर (81) ने सेक्टर 36 पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज करवाई है कि उनको फोन पर इंश्योरेंस कंपनी में फंसे 85 हजार रुपये वापस दिलवाने और कंपनी के शेयर देने के नाम पर जालसाजों ने 12.30 लाख रुपये ठग लिए।
निर्मल ने बताया कि उसने एक प्राइवेट इंश्योरेंस कंपनी में 85 हजार रुपये का प्लान लिया था। बाद में उन्होंने इंश्योरेंस कवर लेने से मना कर दिया था और पैसे वापस मांगे थे। लेकिन कंपनी ने उनको पैसे वापस नही किए। काफी दिन बीत जाने के बाद एक दिन उनके मोबाइल पर एक लड़की ने फोन कर 85 हजार रुपये वापस दिलवाने की बात कही।
उसने इसके लिए उनको 30 हजार रुपये जमा करने को कहा। लड़की की बात में आकर उन्होंने पैसे दे दिए। उसके बाद लड़की के फोन लगातार आने लगे। लड़की ने निर्मल सिंह से एक कंपनी के मार्केट में जल्द आ रहे पब्लिक इश्यू में पैसे इंवेस्ट करने का लालच दिया।
उन्होंने कंपनी में पैसे लगाने पर अच्छा रिटर्न मिलने का भरोसा दिया था। निर्मल सिंह उनकी बातों में आ गया। निर्मल सिंह ने पांच लाख, तीन लाख और 4 लाख रुपये के चेक उनके बताये खाते में लगा दिए। पैसे मिलने के बाद उस लड़की ने वृद्ध का फोन भी उठाना बंद कर दिया।
पीड़ित के साथ ये सारी ठगी 2015 में हुई। जिसके बाद पीड़ित ने पुलिस में सारे मामले की शिकायत दी। पुलिस ने निर्मल सिंह की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए अज्ञात लोगों पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। केस साइबर सेल को ट्रांसफर कर दिया गया है।