चंडीगढ़ की मलोया थाना पुलिस ने बुधवार देर रात डड्डूमाजरा कॉलोनी में मारपीट करने, वाहनों में तोड़फोड़ करने और आगजनी करने के आरोप में तीन किशोरों को पकड़ा है। घटना में दो लोग घायल हो गए जिन्हें जीएमएसएच-16 में भर्ती कराया गया। पुलिस ने वीरवार को किशोरों को जुवेनाइल अदालत में पेश किया और सभी को सेक्टर 25 स्थित बाल सुधार गृह भेज दिया गया।
जानकारी के अनुसार, 6 से 7 लोग तेजधार हथियार लेकर आए और वाहनों में तोड़फोड़ की। एक बाइक में आग लगा दी और स्कूटर सवार दो लोगों पर तेजधार हथियारों से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायलों की पहचान डड्डूमाजरा के अशोक और मनोज के रूप में हुई।
आधी रात के बाद हुआ हंगामा
सेक्टर 38 स्थित डड्डूमाजरा कॉलोनी के शिकायतकर्ता विनय ने बताया कि रात करीब 12:30 बजे डड्डूमाजरा में तलवार और लाठियों से लैस बदमाश पहुंचे। उन्होंने एक घर का दरवाज़ा खटखटाया जहां एक महिला रहती थी। बहस के बाद उन्होंने बाहर खड़े एक स्कूटर और एक बाइक को लाठी-डंडों से क्षतिग्रस्त कर दिया। साथ ही, उन्होंने आस-पास के घरों के एयर कंडीशनर और खिड़की के शीशे भी तोड़ दिए।
लोग घरों से बाहर निकले तो हमलावरों ने विनय की बाइक में आग लगा दी। इसी दौरान स्कूटर पर जा रहे अशोक और मनोज को रोककर चाकुओं से हमला कर दिया। जिस कारण अशोक के पेट और मनोज के पैर में गंभीर चोटें आई। घटना की जानकारी मिलने पर मलोया थाने के एसएचओ जसबीर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने हमलावरों को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी भागने में सफल रहे।
पुलिस ने तीन नाबालिग पकड़े
सूचना के बाद दमकल विभाग ने मौके पर पहुंचकर बाइक में लगी आग पर काबू पाया। जिसके बाद मलोया पुलिस ने विनय की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ तोड़फोड़, आगजनी और हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया। जांच के दौरान पुलिस ने तीन नाबालिगों को पकड़ लिया। जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
घटना के बाद से इलाके में डर का माहौल है। स्थानीय निवासियों ने आरोपियों द्वारा की गई आगजनी, पथराव की घटनाओं को मोबाइल फोन पर रिकॉर्ड किया और पुलिस को सौंप दिया। मलोया पुलिस ने आश्वासन दिया है कि बाकी आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।