सरकारों के लाख दावों के बाद पुलिस है कि सुधरने का नाम नहीं ले रही है। चरस के साथ पकड़े गए आरोपी को छोड़ने के लिए 30 हजार रुपये की मांग हेड कांस्टेबल ने खुद कर दी। मामला हरियाणा के रोहतक जिले का है। एक किलो 100 ग्राम चरस के साथ करतारपुरा मोहल्ले के पकड़े गए युवक को छोड़ने के बदले सीआईए-1 में तैनात हेड कांस्टेबल ने आरोपी की पत्नी से 30 हजार रुपयों की मांग की। ऑडियो रिकॉर्डिंग के साथ महिला ने एसपी से शिकायत कर दी।
एसपी ने हेड कांस्टेबल यशवीर को सस्पेंड कर दिया। वहीं उसके खिलाफ सिटी थाने में केस दर्ज किया गया है। डीएसपी को मामले की जांच सौंपी गई है। दो दिसंबर को सीआईए-1 में तैनात हेड कांस्टेबल यशवीर सिंह और अन्य पुलिसकर्मियों ने करतारपुरा के वीरेंद्र को एक किलो 400 ग्राम चरस के साथ सुखपुरा चौक के पास से गिरफ्तार किया था। आरोपी सुखपुरा चौक से होते हुए पाड़ा मोहल्ले में चरस बेचने के लिए जा रहा था।
आरोपी के खिलाफ पुरानी सब्जी मंडी थाने में केस दर्ज कर लिया था। इस मामले में वीरेंद्र की पत्नी ने एसपी से शिकायत की थी। आरोप था कि हेड कांस्टेबल ने उसके पति को छोड़ने के बदले 30 हजार रुपये की मांग की थी। रिकॉर्डिंग भी सौंपी गई थी। एसपी ने मामले की जांच कराई। प्रथम दृष्टया जांच में आरोप सही पाए गए। एसपी के निर्देश पर आरोपी के खिलाफ सिटी थाने पर केस दर्ज कर लिया गया है।
रिश्वत मांगने का मामला किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। हेड कांस्टेबल को सस्पेंड कर दिया गया है। यदि कोई भी रिश्वत मांगता है तो तुरंत कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
- जशनदीप सिंह रंधावा, एसपी