यह अभियान केवल गिरफ्तारियों तक सीमित नहीं रहा। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 598 जरूरतमंद और विपत्ति में फंसे लोगों की सहायता कर खाकी का मानवीय और संवेदनशील चेहरा भी प्रस्तुत किया, जिससे समाज में पुलिस के प्रति विश्वास और मजबूत हुआ।
लिफ्ट के बहाने लूट का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार
गोहाना के पास बड़ोता फ्लाईओवर पर लिफ्ट के बहाने चालक के साथ लूट और मारपीट की घटना को सोनीपत पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सुलझाया। दिल्ली और मेरठ के रहने वाले आरोपी राहुल और अंकित को गिरफ्तार कर लूटी गई गाड़ी बरामद की गई, जिससे बेखौफ बदमाशों के मंसूबों पर विराम लगा।
एटीएम चोरी के अंतरराज्यीय नेटवर्क का पर्दाफाश
नूंह पुलिस ने रायपुरी के जंगलों में कार्रवाई कर एटीएम चोरी के एक अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क का भंडाफोड़ किया। इस दौरान मास्टरमाइंड नियामत उर्फ ‘घोड़ा’ और उसके साथी रणवीर राणा को अवैध हथियारों सहित गिरफ्तार किया गया, जो हरियाणा के साथ-साथ अन्य राज्यों में भी एटीएम लूट की वारदातों में संलिप्त थे।
साइबर ठगी पर सख्त कार्रवाई: राजस्थान से आरोपी गिरफ्तार
रोहतक में ‘वर्क फ्रॉम होम’ के नाम पर 10 लाख रुपये से अधिक की साइबर ठगी के मामले में पुलिस की साइबर क्राइम टीम ने राजस्थान स्थित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए विशाल, शाहरुख और सोहेल को गिरफ्तार किया। इस कार्रवाई ने ऑनलाइन ठगी करने वालों को स्पष्ट संदेश दिया कि कानून की पकड़ से बचना अब संभव नहीं।
भिवानी में एसटीएफ और सीआईए की संयुक्त टीम ने मुठभेड़ के बाद 20 हजार रुपये के इनामी बदमाश अजय उर्फ भोला को गिरफ्तार किया। गंभीर आपराधिक मामलों में वांछित आरोपी की गिरफ्तारी ने अपराधियों के लिए कड़ा संदेश दिया।
1930 हेल्पलाइन से साइबर अपराध पर लगाम
साइबर हेल्पलाइन 1930 पर प्राप्त शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए हरियाणा पुलिस ने लगभग 1.62 करोड़ रुपये की ठगी राशि में से 78 लाख रुपये से अधिक को फ्रीज किया। 363 मोबाइल नंबर ब्लॉक किए गए और 9.51 लाख रुपये पीड़ितों को रिफंड कराए गए। इस प्रभावी कार्रवाई से डिजिटल हरियाणा को और सुरक्षित बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया।
सुरक्षित हरियाणा की ओर सशक्त कदम
ऑपरेशन हॉटस्पॉट डॉमिनेशन ने यह स्पष्ट कर दिया है कि हरियाणा पुलिस अपराध और अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर अडिग है। यह अभियान न केवल कानून का सख्त संदेश है, बल्कि प्रदेश को सुरक्षित, शांत और अपराधमुक्त बनाने की दिशा में एक मजबूत और निर्णायक पहल भी है।