फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

राम रहीम की आपत्तिजनक फोटो Whatsapp पर वायरल

Sat, 03 Jan 2015 09:07 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, डबवाली (सिरसा)
विज्ञापन
विज्ञापन
डेरा सच्चा सौदा प्रमुख संत गुरमीत राम रहीम सिंह इंसां की आपत्तिजनक तस्वीर व्हाट्स अप पर वायरल होने से डेरा प्रेमियों में गुस्सा भड़क गया है। शनिवार को डेरा प्रेमियों ने शहर थाना में शिकायत करके आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इस मामले को लेकर खुफिया एजेंसियां भी अलर्ट हो गईं हैं। गौरतलब है कि डेरा सच्चा सौदा की फिल्म एमएसजी को लेकर सिख समुदाय में पहले से ही रोष व्याप्त है और अब आपत्तिजनक तस्वीर ने भी पुलिस और खुफिया विभाग की नींद उड़ा दी है।
विज्ञापन


व्हाट्स ग्रुप में आई तस्वीर
पुलिस को दी शिकायत में डेरा प्रेमी नवीन कुमार ने कहा है कि वह डबवाली में लैब चलाता है। व्हाट्स अप पर डबवाली लैब एसोसिएशन के नाम से ग्रुप बना हुआ है। ग्रुप एडमिन ने उसे सदस्य बनाया हुआ है। 31 दिसंबर 2014 को सुबह 7.37 बजे ग्रुप में हरप्रीत नाम के व्यक्ति ने एक तस्वीर वायरल की। उस समय वह सालासर गया हुआ था। डबवाली लौटने पर ग्रुप में आए मैसेज देखे तो उसे डेरा सच्चा सौदा प्रमुख की आपत्तिजनक तस्वीर दिखाई दी।

चार दिन पहले ही ग्रुप से जुड़ा हरप्रीत

शिकायतकर्ता नवीन ने बताया कि डबवाली लैब एसोसिएशन के नाम से बने ग्रुप में करीब 25 से 30 सदस्य हैं। चार दिन पूर्व ही हरप्रीत ग्रुप का सदस्य बना है। डेरा सच्चा सौदा प्रमुख की आपत्तिजनक तस्वीर वायरल करके उसने उसकी धार्मिक भावनाओं को आहत किया है।

डेरा प्रेमियों ने जताया विरोध
डेरा प्रमुख की आपत्तिजनक तस्वीर वायरल होने से डेरा प्रेमियों में गुस्से की लहर है। मामले की जानकारी पाते ही डेरा सच्चा सौदा प्रेमी पंद्रह मैंबर बिट्टू मिढ़ा, गिरधर सेठी, गुरसाहब सिंह, सात मैंबर मलकीत सिंह, वेदप्रकाश कालड़ा, रविंद्र नाथ, राजकुमार तथा ब्लॉक भंगीदास चमकौर इंसां के नेतृत्व में शहर थाना में एकत्रित हुए। डेरा प्रेमियों ने शहर थाना प्रभारी दलीप सिंह को शिकायत देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
विज्ञापन

खुफिया एजेंसियां हुई अलर्ट

उल्लेखनीय है कि 16 जनवरी को रिलीज होने वाली फिल्म एमएसजी पर पंजाब तथा हरियाणा में बवाल मचा हुआ है। सिख संगठन डेरा सच्चा सौदा प्रमुख की फिल्म पर रोक लगाने की मांग करते हुए फिल्म के पोस्टर जला रहे हैं। पंजाब में कई जगह डेरा-सिख आपस में भिड़ चुके हैं। ऐसे समय में व्हाट्स अप पर वायरल हुई आपत्तिजनक तस्वीर को लेकर खुफिया एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं।

धार्मिक भावनाएं आहत हुई
पूर्व ब्लॉक भंगीदास गोबिंद इंसां ने बताया कि गुरु की तस्वीर से छेड़छाड़ करके उसे वायरल करने से डेरा प्रेमियों की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। आरोपी के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। पुलिस को शिकायत के साथ आपत्तिजनक तस्वीर सबूत के तौर पर दी गई है।

जांच के बाद होगी कार्रवाई
डेरा प्रेमी नवीन की शिकायत मिली है। आपत्तिजनक तस्वीर भी मिली है। जांच शुरू कर दी गई है। रिपोर्ट के बाद आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज करके आगामी कार्रवाई की जाएगी।
-दलीप सिंह, प्रभारी, शहर थाना डबवाली
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें