दस युवकों की टोली ने बीती रात नए साल के जश्न के बाद धनास में जमकर हुड़दंग मचाया। वे हैप्पी न्यू ईयर चिल्लाते हुए गली में खड़ी गाड़ियों के हॉकी स्टिक से शीशे तोड़ते चले गए। उन्होंने कुल 17 गाड़ियों के शीशे तोड़े।
इतना ही नहीं एक बुजुर्ग महिला की दुकान भी लूट ले गए। घर लौट रहे साइकल सवार से गुंडो की इस टोली ने दो हजार रुपये और मोबाइल छीन लिया। ये सारी वारदात धनास की अमन और चमन कालोनी की एक गली में ही पांच सौ मीटर के दायरे में ही हुईं। हैरत की बात यह है कि इतना हुड़दंग होने के बाद भी पुलिस को भनक नहीं लगी और गुंडों की टोली बचकर निकल गई।
गुंडों ने उजाड़ा अमन और चमन को
कालोनी के लोगों के अनुसार हर कार तोड़ने से पहले यह टोली हैप्पी न्यू ईयर का नारा लगा रही थी। इसने अमन कालोनी की पांच और चमन कालोनी की 12 गाड़ियां तोड़ीं। कुछ गाड़ियों के लॉक तोड़ने की भी कोशिश की गई। एक व्यक्ति ने जब बाहर निकल कर रोकने की कोशिश की तो उसे बुरी तरह धमका दिया। इससे पहले इन्होंने वहीं वृद्धा की दुकान के पास बैठकर शराब पी। उसके बाद दुकान को भी लूट लिया।
एक हफ्ते पहले ली थी कार
धनास निवासी ओमप्रकाश ने बताया कि उन्होंने एक हफ्ते पहले ही कार ली थी। गुंडों ने शीशे तोड़ दिए। वे नई कार लेकर अपने घर उत्तराखंड जाने वाले थे।
12बजे के बाद हुई वारदात
चमन कालोनी के गुलजार अहमद ने बताया कि वह करीब 12बजे आफिस से घर लौटा तो सबकुछ ठीक था। उसे सुबह करीब 4बजे घटना की जानकारी मिली। देखा तो कार के दोनों साइड के शीशे टूटे पड़े थे।
इतने के बावजूद पेट्रोलिंग का दावा
लोगों के अनुसार सुबह सूचना पाकर पहुंची चौकी पुलिस इतना सब होने के बाद भी इलाके में रात को गश्त होने का दावा कर रही थी। हालांकि उनके पास इसका जवाब नहीं था कि अगर गश्त थी तो वारदात कैसे हुई।
सुभाष चावला, वार्ड पार्षद ने बताया कि जब से धनास की पुलिस चौकी कालोनी नंबर पांच में शिफ्ट कर दी गई है, तब से यहां अपराध बढ़ गया है। आईजी से मुलाकात कर धनास में नई पुलिस चौकी बनाने की मांग की जाएगी।