पंजाब यूनिवर्सिटी, सेक्टर-14 स्थित मंदिर के बाहर खड़ी छात्राओं की थार गाड़ी को चोरों ने निशाना बनाया। मंदिर में पूजा करने गईं छात्राएं लौटकर आईं तो गाड़ी का शीशा टूटा मिला। कार में से कीमती सामान गायब था। हैरानी की बात यह है कि चोरी के समय की सीसीटीवी फुटेज भी पूरी तरह गायब है, जिससे पुलिस जांच पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक छात्रा उमंग मुदगिल और उसकी मित्र इक्षिका शरली शुक्रवार शाम करीब 5:10 बजे मंदिर पहुंची थीं। दोनों ने अपनी ब्लैक थार (PB10 HC 2424) मंदिर के बाहर पार्क की थी। कुछ देर बाद जब वे बाहर आईं तो देखा कि ड्राइवर साइड का शीशा टूट चुका था और गाड़ी के अंदर एक बड़ा पत्थर पड़ा था। इससे साफ था कि चोरों ने पत्थर मारकर गाड़ी का शीशा तोड़ा और वारदात को अंजाम दिया। छात्रा की शिकायत पर सेक्टर-11 थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
महंगा सामान और दस्तावेज चुरा ले गए
चोर गाड़ी से लेनोवो का स्टील-ग्रे लैपटॉप, ब्राउन पर्स (4–5 हजार रुपये नकद सहित), ब्लैक वालेट, आधार कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, कोटक व एसबीआई के एटीएम कार्ड, और स्कूटी की आरसी ले गए।
फुटेज गायब, बढ़ा संदेह
छात्राओं ने बताया कि मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों में चोरी होने के ठीक उस समय का वीडियो ही गायब मिला। इससे घटना और संदिग्ध हो गई है। पुलिस के अनुसार फुटेज न मिलना जांच को कठिन बना रहा है। पुलिस आस-पास के अन्य कैमरों की भी जांच कर रही है।