चुनाव से ठीक पहले प्रशासन ने नशे के तस्करों पर शिकंजा कस दिया है। फ्लाइंग स्क्वॉयड की टीम ने फेज-11 में रविवार रात विशेष नाके दौरान टाटा-407 से 500 के करीब शराब की पेटियां बरामद की हैं।
पुलिस ने ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया है। साथ ही मामले बारे तुरंत एसडीएम को सूचित किया। मौके पर पहुंची ईटीओ सरबजीत कौर व उनकी टीम ने ट्रक के कागज चैक किए। जिसके बाद ट्रक चालक के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक रविवार रात फ्लाइंग स्कवॉयड की टीम ने फेज-11 स्थित अनाज मंडी के पास विशेष नाका लगाया हुआ था। नाके की अगुवाई इंचार्ज परमजीत सिंह वालिया कर रहे थे।
इस दौरान वहां से गुजरने वाले प्रत्येक वाहन की चैकिंग की जा रही थी। इसी बीच टाटा-४०७ को संदेह के आधार पर टीम ने चैकिंग के लिए रोका। जब टीम ने गाड़ी की चैकिंग की तो 500 के करीब पेटी शराब की बरामद हुई।
इसमें अंग्रेजी, देसी शराब के अलावा बियर शामिल थी। जांच के बाद टीम ने ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया। जिसके बाद टीम कड़ी सुरक्षा में ट्रक को फेज-11 स्थित थाने ले आई।
साथ ही मामले संबंधी तुरंत एसडीएम लखमीर सिंह को सूचित किया गया। वहीं, मौके पर ईटीओ सरबजीत कौर को बुलाया गया। जिसके बाद एक्साइज विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी में शराब से भरे ट्रक के कागज चैक किए गए गए। पुलिस ने मामले संबंधी जांच शुरू कर दी है।