पुलिस टीम को देखते ही दोनों गैंगस्टरों ने फायरिंग करनी शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने भी फायरिंग की। इस दौरान वहां मौजूद लोग इधर-उधर भागने लगे। इसी दौरान गैंगस्टरों ने भागने की कोशिश की तो पुलिस की एक गोली लाली की टांग पर जा लगी। जिससे वह गिर गया। कुलदीप को भी मुलाजिमों ने घेर लिया। दोनों के कब्जे से पहले मुलाजिमों ने हथियार लिए और घायल लाली को अस्पताल पहुंचाया। इसके बाद लुधियाना पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार स्विफ्ट कार मालेरकोटला की तरफ से आई थी। चौक के पास ही गोलियां चलने की आवाज आई तो वहां एकदम से भगदड़ मच गई। बाद में पता चला कि गाड़ी में गैंगस्टर सवार थे। जिन्हें पुलिस काबू करने आई थी।
गैंगस्टर लाली ने कांग्रेसी नेता को दी थी जान से मारने की धमकी
टीम में शामिल एक मुलाजिम ने बताया कि आरोपी गैंगस्टर लाली के खिलाफ पंजाब के अलग-अलग थानों में करीब 12 मामले दर्ज हैं। वह काफी समय से वांछित था। लाली ने कुछ समय पहले कांग्रेसी विधायक नवतेज सिंह चीमा को जान से मारने की धमकियां भी दी थी। जिसके बाद कांग्रेसी विधायक ने इसकी शिकायत पुलिस को दे रखी थी।
दो गैंगस्टरों को काबू कर लिया गया है, उनसे हथियार भी बरामद किए गए है। -कुंवर विजय प्रताप सिंह, आईजी, इंचार्ज, ओसीसीयू