विधायक घनश्याम दास अरोड़ा के गनमैन पुनीत पर हुई फायरिंग की आवाज सुनते ही उनके आसपास खड़े लोग सौ मीटर तक दूर भाग खड़े हुए। गोली लगने के बाद पुनीत जैसे ही नीचे गिरा तो उसका आरोपी दोस्त प्रिंस उसे संभालने लगा। करीब 15 मिनट तक प्रिंस उसे स्वयं उठाने का प्रयास करता रहा, लेकिन कोई मदद के लिए आगे नहीं आया। इसी दौरान सूचना मिलते ही शहर थाना जगाधरी एसएचओ राकेश मटोरिया मौके पर पहुंचे।
उन्होंने घायल पुनीत को उठाना शुरू किया। प्रिंस ने एसएचओ राकेश की उसे उठाने में मदद की। इसके बाद अन्य लोग भी आगे आए। लोगों ने जब पुलिस को बताया कि पुनीत को उठाने में मदद करने वाले प्रिंस ने ही उसे गोली मारी है तो पुलिस ने उसे हिरासत में लिया।
दो दिन पहले आए थे तीनों दोस्त, आज दो आए थे दोबारा
प्रत्यक्षदर्शी रिंकू चिकन सेंटर संचालक ने बताया कि दो दिन पहले पुनीत, प्रिंस व उनके एक और दोस्त उनकी दुकान पर आए थे। पुनीत ने उसके तीन सौ रुपये देने थे। जिसे देने के लिए वे आए थे। रविवार शाम करीब पौने छह बजे पुनीत व प्रिंस बाइक पर आए। इस दौरान दोनों में किसी बात को लेकर बहस हो गई। वे अपने सेंटर में थे, किस बात को लेकर बहस हुई। उन्हें पता नहीं चला।