लोकसभा चुनाव घोषित होते ही चंडीगढ़ से अन्य राज्यों में शराब की तस्करी शुरू हो गई है।
क्राइम ब्रांच ने चंडीगढ़ से शराब का भरकर ट्रक टूंडला(यूपी) जाते समय चंडीगढ़ अंबाला हाईवे पर रेलवे पुलिस के पास पकड़ लिया।
मौके से ट्रक चालक पुलिस को चकमा देकर भाग निकला, लेकिन हेल्पर को पुलिस पकड़ने में कामयाब हो गई। तलाशी के दौरान ट्रक से 792 शराब की पेटी बरामद हुई।
हेल्पर की पहचान फिरोजाबाद के गांव नगला टीकाराम निवासी सोनवीर सिंह यादव के रूप में हुई। उसने बताया कि ट्रक का ड्राइवर मध्यप्रदेश के अतुल को पता था कि शराब किसने मंगवाई थी।
क्राइम ब्रांच ने सोनवीर के खिलाफ इंडस्ट्रियल एरिया थाने में एक्साइट एक्ट के तहत मामला दर्ज करवाया है। डीएसपी क्राइम जगबीर सिंह ने बताया कि सोमवार रात सूचना मिली कि लोकसभा चुनाव के लिए चंडीगढ़ से ट्रक में लोड होकर शराब यूपी जा रही है।
सूचना मिलते ही उन्होंने एसआई अशोक कुमार को चंडीगढ़-अंबाला हाईवे पर बने रेलवे पुल के पास नाका लगाने के लिए कहा। एसआई ने ट्रिब्यून चौक की तरफ से आ रहे ट्रक नं. एचआर 46 बी1549 को रोकने का इशारा किया।
ट्रक चालक ने नाके से आगे ट्रक को रोककर भाग गया। जबकि पुलिस ने हेल्पर सोनवीर को पकड़कर ट्रक की तलाशी ली। तलाशी के दौरान पुलिस को 792 शराब की पेटी बरामद हुई।
क्राइम ब्रांच ने सोनवीर और फरार चालक अतुल पर मामला दर्ज कर लिया। पुलिस पता लगाने में लगी है कि ट्रक चालक ने चंडीगढ़ में किस ठेके से शराब लोड की थी।